हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाए कार्यकर्ता: अजय कुमार दूबे

आशीष बरनवाल जनहित जागरण

भाटपार रानी,देवरिया। स्थानीय उपनगर स्थित मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी भाटपार रानी मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे के द्वारा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।


इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा तय किए गए हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम को कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से सफल बनाए। तिरंगा हमारे गौरव, गरिमा, राष्ट्रीय एकता, संप्रभुता और अखंडता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में युवा मोर्चा के द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी तथा महिला मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा के साथ सभी मोर्चों की सहभागिता इस राष्ट्रीय उत्सव में सुनिश्चित होनी चाहिए। 14 अगस्त को बंटवारे की त्रासदी के दिन पार्टी ने विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। ताकि हम सभी को यह याद रहे कि हमारे पूर्वजों ने किस प्रकार के कष्ट को सहकर अपनी मातृ भूमि के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। इस अभियान के अंतर्गत 12 से 14 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा एवं स्मारकों के आसपास स्वच्छता कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाना है। श्री दूबे ने कहा कि हमें अपने ज्ञात एवं अज्ञात राष्ट्र नायकों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए इस बार भी अपनी आन, बान, शान के प्रतिक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर पर फहराने का कार्य करें।

इसके उपरान्त बैठक में तय किया गया कि घर घर तिरंगा आभियान को सफल बनाने के लिए मंडल महामंत्री मंटू पटेल को कार्यक्रम का संयोजक एवं मंडल मंत्री जितेन्द्र जायसवाल व धर्मेन्द्र कुशवाहा को सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेश तिवारी, संतोष पटेल, शैलेश सिंह, विशंभर पांडेय, हरिकेश खरवार, मंगल प्रताप शाही, अशोक तिवारी, मनीष सिंह, गौतम प्रसाद,सौरभ पटेल, जितेंद्र जायसवाल, विवेक गुप्ता, धर्मेंद्र कुशवाहा, अजीत कुशवाहा, गगन शाही, अखिलेश कुशवाहा, राम अवधेश कुशवाहा, शैलेन्द्र प्रजापति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button